छत्तीसगढ़

12 नवंबर तक CBI की कस्टोडियल रिमांड पर रहेगा महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर।

भिलाई / – महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य संचालक सौरभ चंद्राकर 12 नवंबर तक CBI की कस्टोडियल रिमांड पर रहेगा। बुधवार को उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां CBI ने उससे पूछताछ के लिए 8 दिन की रिमांड हासिल की।

इस दौरान कोर्ट में सौरभ चंद्राकर से मुलाकात करने महासमुंद के पूर्व कांग्रेस विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर और महादेव ऐप मामले के आरोपी एवं पैनल ऑपरेटर विशाल रमानी भी पहुंचे।

बताया गया कि शुरुआत में CBI अधिकारियों ने पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर को सौरभ से मिलने से रोका, लेकिन सौरभ ने उन्हें अपना मामा बताया। इसके बाद दोनों के बीच करीब 1 से 2 मिनट बातचीत हुई और उन्होंने एक-दूसरे का हालचाल जाना।

वहीं, विशाल रमानी ने भी सौरभ चंद्राकर से मुलाकात की। बातचीत के दौरान सौरभ ने वहां मौजूद वकीलों से विशाल रमानी का परिचय भी कराया।

दूसरी ओर, CBI अपने रिमांड आवेदन में महादेव ऐप के कारोबार से जुड़े कथित प्रोटेक्शन मनी नेटवर्क, हवाला ऑपरेटरों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की बात कह चुकी है। ED ने भी सौरभ के खिलाफ जारी गैर-जमानती वारंट को लागू कराने के लिए कोर्ट में आवेदन दिया था, जिसे अदालत ने फिलहाल समय से पहले बताया।

अब सबकी नजर 12 नवंबर पर है, जब CBI की रिमांड समाप्त होने के बाद सौरभ चंद्राकर को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट

 

Related Articles

Back to top button