तिरुपति मोटर्स कर्मचारी की करंट लगने से मौत

जांजगीर -चांपा / – जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। चांपा स्थित तिरुपति मोटर्स में करीब 8 वर्षों से कार्यरत 30 वर्षीय कर्मचारी शिवराम धीवर की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर को शिवराम को काम के सिलसिले में रायपुर शिफ्ट किया गया था, जहां कार्य के दौरान यह हादसा हुआ।
जानकारी के मुताबिक शिवराम धीवर तिरुपति मोटर्स में फिटर-वेल्डर के रूप में काम करता था। 2 अक्टूबर को कंपनी द्वारा उसे रायपुर में काम के लिए भेजा गया था। रायपुर में कार्य के दौरान शिवराम करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवराम की मौत से उसके महज 4 माह के मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।
घटना से आक्रोशित बड़ी संख्या में परिजन तिरुपति मोटर्स के सामने पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। परिजनों ने उचित मुआवजा देने के साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल इस पूरे मामले में परिजनों की मांग और घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने आना बाकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट




