अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

हाईवे पर ट्रकों से डीजल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश ,*लग्जरी XUV 3XO कार सहित मुख्य आरोपी गिरफ्तार*

_थाना चरचा और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में मिली बड़ी कामयाबी_ _घटना में प्रयुक्त नई XUV कार, जरीकेन व चोरी का डीजल बरामद_ _पुलिस को देख भागे दो साथी, तलाश जारी_

कोरिया / – थाना चरचा क्षेत्र अंतर्गत हुई डीजल चोरी की घटना पर पुलिस अधीक्षक कोरिया श्री हरीश राठौर, भा.पु.से. द्वारा त्वरित व सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सिंह एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री मोहसीन खान के मार्गदर्शन में थाना चरचा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया, जिसके परिणामस्वरूप डीजल चोरी में लिप्त अंतरराज्यीय गिरोह के एक शातिर आरोपी को दबोचने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।

*घटना का संक्षिप्त विवरण:*
प्रार्थी सौरभ घोष (निवासी- भैंसा दफाई, हल्दीबाड़ी चिरमिरी) के ट्रक क्रमांक CG 04 NN 7001 के चालक पवन बहादुर सोनी सतना से गेहूं लोड कर भुवनेश्वर (ओडिशा) जा रहे थे। दिनांक 24.09.2026 को वाहन में 352 लीटर डीजल भरवाया गया था। दिनांक 25.09.2026 को सुबह करीब 11:00 बजे ग्राम नगर के पास गाड़ी का ब्रेकडाउन होने पर उसे उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप में सुरक्षित खड़ा कर दिया गया और क्लीनर दीपक को गाड़ी की निगरानी में छोड़ दिया गया।


दिनांक 25-26.09.2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों द्वारा ट्रक की टंकी से लगभग 260 लीटर डीजल (कीमत लगभग ₹26,520/-) चोरी कर लिया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना चरचा में अपराध क्रमांक 147/2026, धारा 303(2) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

विवेचना के दौरान CCTV अवलोकन एवं अन्य तथ्यों से जानकारी मिली कि घटना वाली रात बिजुरी-कोतमा क्षेत्र के कुछ संदिग्ध लोग पेट्रोल पंप व मुख्य मार्ग के आसपास बार-बार देखे गए थे। पुलिस टीम ने मुखबिरों को संदिग्ध वाहन व हुलिये की जानकारी देकर अलर्ट किया।

दिनांक 02.10.2026 को मुखबिर से पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि संदेही हुलिये वाली एक सफेद रंग की कार ग्राम नगर के पहाड़पारा में खड़ी है, जिसमें तीन लोग सवार हैं। सूचना पर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा। पुलिस को आता देख कार में सवार दो व्यक्ति जंगल की आड़ लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति अपनी सफेद रंग की महिंद्रा XUV 3XO स्टार्ट कर भागने की फिराक में था। पुलिस टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से तत्परता दिखाते हुए वाहन की घेराबंदी कर चालक को मौके पर ही धर दबोचा।

पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम कालिका प्रसाद लोनी (निवासी- सिलपुर, थाना कोतमा, जिला अनूपपुर, म.प्र.) बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों (दीपक लोनी एवं कामता लोनी) के साथ मिलकर XUV कार से आकर उर्मिला फ्यूल पेट्रोल पंप के पास खड़े ट्रक से डीजल चोरी करना कबूल किया। आरोपी ने बताया कि चोरी का डीजल ग्राम जरीयारी (थाना जैतहरी) निवासी मथुरा प्रजापति को बेचा गया था।

जप्त संपत्ति (मशरूका):
* वाहन: 01 सफेद रंग की महिंद्रा XUV 3XO (क्रमांक CG 15 EK 6026)
* जरीकेन: 01 जरीकेन (50 लीटर नीला), 01 जरीकेन (30 लीटर नीला), 01 जरीकेन (30 लीटर), 01 जरीकेन (20 लीटर सफेद)
* डीजल: जरीकेन में भरा लगभग 10 लीटर डीजल

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
कालिका प्रसाद लोनी आ. पूरन लाल लोनी, उम्र: 42 वर्ष, निवासी ग्राम सिलपुर, पोस्ट लामाटोला, तहसील व थाना कोतमा, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश) को दिनांक 02.10.2026 को गिरफ्तार कर माननीय सक्षम न्यायालय से न्यायिक रिमांड प्राप्त किया गया।इस संपूर्ण कार्रवाई में थाना चरचा एवं साइबर सेल के संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button