छत्तीसगढ़

रायपुर स्कूली ऑटो में बच्चों की जान से खिलवाड़! क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने वाले 17 चालकों पर चालानी कार्रवाई।

 रायपुर | स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाई है। स्कूली ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने वाले 17 ऑटो चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने और बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं करने की सख्त हिदायत दी है।

ऑटो में क्षमता से ज्यादा बच्चे बैठाने पर कार्रवाई

यातायात पुलिस कमिश्नरेट, रायपुर के अनुसार, स्कूली छात्र-छात्राओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 12 अक्टूबर को स्कूली ऑटो की जांच की गई। इस दौरान क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करते पाए गए 17 ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

चालक की सीट के पास बच्चों को बैठाना भी खतरनाक

जांच के दौरान पुलिस ने ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे निर्धारित सीट क्षमता के अनुसार ही बच्चों को बैठाएं। चालक की सीट के अगल-बगल बच्चों को बैठाने से वाहन चलाने में परेशानी हो सकती है और दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।

अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील

यातायात पुलिस ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले ऑटो और अन्य वाहनों की सीट क्षमता तथा सुरक्षा मानकों की जांच करें।

बच्चों को ऐसे वाहनों में भेजने से बचें, जिनमें निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाया जाता है या सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया जाता है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

रायपुर यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध जांच और वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।अभिभावक ध्यान दें: बच्चों को स्कूल भेजते समय सिर्फ समय और किराया ही नहीं, बल्कि वाहन की सुरक्षा और निर्धारित क्षमता का भी ध्यान रखें। थोड़ी-सी लापरवाही बच्चों के लिए जोखिम बन सकती है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button