अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

मनेन्द्रगढ़ में कबाड़ गोदामों पर पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, दो प्रतिष्ठानों की जांच में मिली गंभीर अनियमितताएं।

प्रमुख बिंदु- पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा दो कबाड़ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण।
– व्यवसाय संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों एवं अनुमतियों के संधारण में कमियां पाई गईं।
– अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थिति में कार्रवाई।
– जांच के उपरांत नियमानुसार सील करने की कार्रवाई।
– पूर्व में 1,250 किलोग्राम कबाड़, अनुमानित कीमत ₹32,950, किया गया था जब्त।

पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त जांच

एमसीबी / मनेन्द्रगढ़– मनेंद्रगढ़ में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा कबाड़ व्यवसाय की आड़ में संचालित अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से दिनांक 19.11.2026 को मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा कबाड़ गोदामों का निरीक्षण एवं जांच की गई।

यह संयुक्त कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल विश्वकर्मा, तहसीलदार श्री विनीत सिंह, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती ज्योत्स्ना टोप्पो एवं थाना मनेन्द्रगढ़ के पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में की गई।

दो कबाड़ प्रतिष्ठानों की जांच

संयुक्त टीम द्वारा मनेन्द्रगढ़ स्थित निम्नलिखित दो कबाड़ प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया—

1. चौहान ट्रेडर्स – संचालक चुनमुन।
2. कुरैशी इंटरप्राइजेज – संचालक राजू कबाड़ी।

निरीक्षण के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों से कबाड़ व्यवसाय के संचालन हेतु आवश्यक वैधानिक दस्तावेज, पंजीयन एवं विभागीय अनुमतियों के संबंध में जानकारी मांगी गई।

जांच में मुख्य रूप से व्यवसाय संचालित भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज, भूमि डायवर्सन की अनुमति, नगर पालिका से ट्रेड लाइसेंस, जीएसटी पंजीयन, कबाड़ गोदाम का पंजीयन, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की आवश्यक अनुमति, SECL अथवा अन्य शासकीय उपक्रमों से कबाड़ खरीदी का दावा होने पर MSTC पंजीयन, कबाड़ की खरीद-बिक्री के अभिलेख, कमर्शियल विद्युत कनेक्शन, श्रम विभाग में आवश्यक पंजीयन, CCTV कैमरों की उपलब्धता तथा खरीदी-बिक्री से संबंधित बिल एवं दस्तावेजों की जांच की गई।

जांच में सामने आईं गंभीर कमियां

संयुक्त जांच के दौरान दोनों कबाड़ प्रतिष्ठानों में निर्धारित मानकों के पालन तथा आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के संधारण में कमियां पाई गईं।

जांच में यह भी सामने आया कि संचालकों द्वारा अधिकांश आवश्यक दस्तावेजों का संधारण नहीं किया गया था। संबंधित दस्तावेजों एवं अनुमतियों की विस्तृत जांच के उपरांत नियमानुसार सील करने की कार्रवाई की गई।

पूर्व में भी 1,250 किलोग्राम कबाड़ किया गया था जब्त

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व दिनांक 13.10.2026 को थाना सिटी कोतवाली मनेन्द्रगढ़ पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर चनवारीडांड एवं मोहरापारा स्थित दो अलग-अलग कबाड़ गोदामों में कार्रवाई की गई थी।

प्रथम कार्रवाई – चनवारीडांड

चनवारीडांड स्थित कबाड़ गोदाम में बिना वैध दस्तावेजों के एकत्रित पुराने मशीनरी उपकरण, सबमर्सिबल पंप, बोरवेल संबंधी सामग्री, गैस सिलेंडर, कबाड़ रोलर, साइकिल के टूटे-फूटे सामान, लोहे की जाली, टीन शीट एवं एयर कंप्रेशर मशीन सहित कुल 910 किलोग्राम कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹22,750 थी, जब्त किया गया था।

द्वितीय कार्रवाई – मोहरापारा

मोहरापारा में राजू कबाड़ी के गोदाम के पीछे एकत्रित पुराने सेटिंग प्लेट, लोहे की छड़ें, टूटी टीन शीट, पाइप, पुराने एंगल एवं अन्य लोहे के कबाड़ सहित कुल 340 किलोग्राम कबाड़, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,200 थी, जब्त किया गया था।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,250 किलोग्राम कबाड़, अनुमानित कीमत ₹32,950, जब्त कर पुलिस कब्जे में लिया गया था।

इस संबंध में धारा 106 बीएनएसएस के तहत इस्तगासा क्रमांक 03/2026 एवं 04/2026 कायम कर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।

अवैध गतिविधियों पर निगरानी एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी

जिला पुलिस एमसीबी एवं जिला प्रशासन द्वारा कबाड़ व्यवसाय की आड़ में संचालित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अनियमितता अथवा नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच एवं सतत निगरानी जारी रहेगी। अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विभागों के समन्वय से नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button