दिल्ली के शाहदरा की 4 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, झुलसकर 9 लोगों की हुई मौत, 6 फ्लैट जलकर हुई खाक।

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के शाहदरा के विवेक विहार में एक 4-मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर दमकल विभाग के कर्मचारी पहुंचे और किसी तरह भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, आग बुझाने के बाद जब पुलिस और प्रशासन की टीम अंदर पहुंची तो वहां उन्हें 9 लाशें मिलीं। अलग-अलग मंजिलों से शव बरामद किए गए। 6 फ्लैट्स का सामान जलकर खाक हो गया। शाहदरा के DCP राजेंद्र प्रसाद मीणा के मुताबिक सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई थीं। आग पर काबू पा लिया गया। सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस की टीम घर के अंदर है।
अलग-अलग फ्लोर से मिलीं 9 लाशें
फायर विभाग के अधिकारी डीओ मुकेश वर्मा के मुताबिक अलग-अलग मंजिलों से 9 (नौ) जली हुई लाशें बरामद की गईं हैं। जिसमें से एक लाश पहली मंजिल से, 5 लाशें दूसरी मंजिल से और 3 लाशें सीढ़ियों से मिली हैं। लाशें दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम को सौंप दी गई हैं। तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
एसी में ब्लास्ट के कारण लगी आग!
एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि करीब 3.30 बजे घर के एसी में ब्लास्ट हुआ था। इस ब्लास्ट के कारण ही आग लगी। कॉल करने पर कुछ ही मिनटों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंच गईं। तब से लेकर अब तक 12 से 14 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। लेकिन 4 से 5 लोगों का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। उनकी तलाश की जा रही है। कई लोगों को सीढ़ियों से निकाला। फिर लिफ्ट वाली गाड़ी आई। कुछ लोगों को खिड़कियों के ऐंगल काटकर भी निकाला गया।
दमकल की 12 गाड़ियां पहुंची थीं मौके पर
डीसीपी शाहदरा आरपी मीणा के मुताबिक सुबह करीब 3:48 बजे, विवेक विहार पुलिस स्टेशन में आग लगने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही SHO और ACP मौके पर पहुंच गए। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी घटनास्थल पर पहुंचे। बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर फ्लैटों में आग लगी हुई थी। इमारत से 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसमें दो लोगों को मामूली चोटें आईं। घटनास्थल पर DDMA के कर्मचारियों, ट्रैफिक अधिकारियों और स्थानीय पुलिस के साथ दमकल की 12 गाड़ियाँ मौजूद थीं। प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया है कि आग लगने की इस घटना में 9 लोगों की जान चली गई।
ब्युरो रिपोर्ट




