राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

LPG मतलब लापता गैस’, अखिलेश यादव ने सिलेंडर के संकट पर BJP को घेरा, कहा- कोरोना के दिन याद आ गए

अखिलेश यादव ने यूपी में एलपीजी संकट और लंबी लाइनों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा आज LPG का मतलब लापता गैस हो गया, कोरोना के दिन याद आ गए।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में ईंधन संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने एलपीजी की कमी और लंबी लाइनों पर सरकार की तैयारियों को नाकाफी बताया।

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि आज एलपीजी का मतलब लापता गैस हो गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में लोग गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी लाइनों में खड़े नजर आ रहे हैं, लेकिन सरकार के पास इस समस्या का कोई ठोस समाधान नहीं है।

भाजपा सरकार पर जनता को सिर्फ लाइन में खड़ा करने का आरोप

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने जनता को सुविधाएं देने के बजाय सिर्फ लाइन में खड़ा करना सिखाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो साफ दिखाते हैं कि लोग गैस और पेट्रोल के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं।

अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि अगर महीने की शुरुआत में ही लोग सिलेंडर भरवाने जाएं तो उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ‘सरकार ने पहले से क्या तैयारी की थी?’ यह सवाल उन्होंने सीधे प्रशासन पर रखा।

सिलेंडर का वजन घटाने पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने एलपीजी सिलेंडर के वजन को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि 14.2 किलो के सिलेंडर को घटाकर 10 किलो करना अगर सरकार की रणनीति थी, तो उसके अनुसार सिलेंडरों की संख्या डेढ़ गुना बढ़ाई जानी चाहिए थी।

जब हर सिलेंडर में 4 किलो से ज्यादा गैस बच रही थी, तो उसे दूसरे सिलेंडरों में भरकर सप्लाई बढ़ाई जा सकती थी। लेकिन सरकार ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया।

कोरोना काल की याद दिला रहा ईंधन संकट

अखिलेश यादव ने इस स्थिति की तुलना कोरोना काल से करते हुए कहा कि उस समय भी लोग जरूरी चीजों के लिए लाइनों में खड़े थे और अब फिर वही हालात बनते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘कोरोना के दिन याद आ गए हैं, जब लोग हर चीज के लिए लाइन में खड़े होते थे। आज भी वही तस्वीर नजर आ रही है।’

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने व्यवस्थाओं को सुधारने के बजाय हालात और खराब कर दिए। सपा प्रमुख ने चेतावनी दी कि जनता अब भी वही लाइन में लगाकर राजनीतिक सफाया करेगी।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button