राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय
उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में एक लोको पायलट के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला आया सामने।
बवासीर का ऑपरेशन कराने के बाद छुट्टी मांगने पर लोको पायलट से उतरवाए गए कपड़े!

लखनऊ / – उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में एक लोको पायलट के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। मेडिकल लीव बढ़ाने की मांग पर एक अधिकारी के सामने लोको पायलट को अपने अंतवस्त्र उतारकर सर्जरी के जख्म दिखाने पड़े।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, लोको पायलट राजेश मीणा को पाइल्स (बवासीर) की समस्या थी। उन्होंने 22 फरवरी को इसका ऑपरेशन कराया था।
सर्जरी के बाद उन्हें 28 फरवरी तक की मेडिकल छुट्टी दी गई थी। लेकिन छह दिन बाद भी उनका घाव पूरी तरह ठीक नहीं हुआ।
सर्जरी का प्रमाण दिखाने के लिए कहा गया
बताया जा रहा है कि छुट्टी बढ़ाने के लिए जब उन्होंने अपने मुख्य क्रू कंट्रोलर से अनुरोध किया, तो उनसे सर्जरी का प्रमाण दिखाने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान उन्हें अपने अंतवस्त्र उतारकर जख्म दिखाने पड़े। इस पूरी घटना का वीडियो वहां मौजूद कुछ कर्मचारियों ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
यूनियन ने उठाया मामला
ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन (AILRSA) के पदाधिकारियों का दावा है कि अनुसूचित जनजाति से आने वाले लोको पायलट राजेश मीणा ने मजबूरी में यह कदम उठाया। आरोप है कि इसके बावजूद भी चीफ क्रू कंट्रोलर रतन कुमार ने उन्हें आराम के लिए छुट्टी देने से इनकार कर दिया।
बाद में मीणा ने अपने समुदाय के एक यूनियन नेता के माध्यम से मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद उन्हें अतिरिक्त आराम की छुट्टी दे दी गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
सहकर्मियों द्वारा रिकॉर्ड किया गया यह वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। वीडियो में मीणा और उनके साथी मेडिकल छुट्टी को लेकर अधिकारी से बहस करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस घटना को लेकर कर्मचारियों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी भी देखी जा रही है।
रेलवे ने गठित की जांच कमेटी
मामले के तूल पकड़ने के बाद उत्तर रेलवे प्रशासन ने तीन अधिकारियों की एक जांच कमेटी गठित कर दी है। बताया जा रहा है कि लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने इस घटना का वीडियो डीआरएम सुनील कुमार वर्मा को भी भेजा था।
प्रारंभिक स्तर पर कार्रवाई न होने के बाद यह वीडियो देशभर में साझा किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, जांच कमेटी पूरे मामले की पड़ताल कर रिपोर्ट देगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ब्युरो रिपोर्ट




