अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

रायगढ गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका।

रायगढ़-सारंगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब छातामुड़ा स्थित ईदी ट्रेडर्स और नगमा प्लास्टिक फर्म के कबाड़ गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि गोदाम में रखे टायर और प्लास्टिक सामान जलने से काले धुएं का गुबार आसमान में छा गया और हाईवे पर कुछ देर के लिए अंधेरा जैसा माहौल बन गया।बताया जा रहा है कि दोपहर करीब साढ़े 12 बजे गोदाम के पीछे कचरे में लगी आग की चिंगारी हवा के साथ उड़कर गोदाम तक पहुंची, जिसके बाद प्लास्टिक और टायरों ने तेजी से आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पूरे कबाड़ गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि बगल में स्थित आदित्य हीरो बाइक शोरूम के पीछे का हिस्सा भी इसकी चपेट में आ गया। घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।मामले की सूचना मिलते ही जूटमिल पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और नगर सेना की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। इसके साथ ही आसपास के उद्योगों से भी दमकल वाहन बुलाए गए। करीब 6 घंटे की भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन गोदाम में रखे सामान के जलने से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।रायगढ़ में कबाड़ गोदाम में लगी इस भीषण आग ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और ज्वलनशील सामान के भंडारण पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button