57 लाख का 114 किलो गांजा जब्त, पुलिस ने 3 अंतरराज्यीय तस्करों को पकड़ा ।

महासमुंद / – महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 114 किलो अवैध गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा हैरियर कार, तीन मोबाइल और दो लाख रुपये नकद सहित कुल 74 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से महाराष्ट्र की ओर एक टाटा हैरियर कार में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर टेमरी चेक पोस्ट पर वाहन जांच शुरू की गई। पुलिस को देखकर आरोपी कार तेज रफ्तार से भगाने लगे, लेकिन पीछा कर एनएच-353 स्थित कोमाखान चौकड़ी में घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 114 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 57 लाख रुपये आंकी गई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा ओडिशा के बालीगुड़ा से महाराष्ट्र के धुले जिले के नारदाना ले जा रहे थे।
गिरफ्तार तीनों आरोपी महाराष्ट्र के धुले जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(II)(C) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी तलाश कर रही है।
ब्युरो रिपोर्ट




