अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

रायगढ़ जुआ फड़ों पर पुलिस की बड़ी रेड, 29 जुआरी गिरफ्तार, 9 लाख रुपये से अधिक नगद जब्त…..

रायगढ़ / – छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जुआ-सट्टा के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत पुलिस की विशेष टीम ने खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में संचालित दो अलग-अलग जुआ फड़ों पर एक साथ दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 29 जुआरियों को गिरफ्तार किया है, वहीं उनके कब्जे और जुआ फड़ों से कुल 9 लाख 500 रुपये नगद जब्त किए गए हैं। खास बात यह है कि तारापुर में जुआरी मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे थे।


दरअसल, रायगढ़ जिले में अवैध जुआ-सट्टा गतिविधियों के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस को खरसिया के रानीसागर और कोतरारोड़ क्षेत्र के ग्राम तारापुर में जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उइके एवं ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों स्थानों पर एक साथ दबिश देकर जुआरियों को पकड़ा।
पहली कार्रवाई थाना खरसिया क्षेत्र के रानीसागर स्थित पुरानी हेक्सा फैक्ट्री की बाउंड्रीवाल के भीतर की गई। यहां स्ट्रीट लाइट के नीचे दो पत्ती ताश से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से 19 जुआरियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे और जुआ फड़ से 6 लाख 7 हजार 400 रुपये नगद, दो गड्डी ताश और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की गई।
वहीं दूसरी कार्रवाई कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के ग्राम तारापुर में एचपी गैस एजेंसी के पास की गई। यहां दीवार किनारे मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों से काट पत्ती नामक जुआ खेला जा रहा था। पुलिस की दबिश के दौरान कुछ जुआरी मौके से भाग निकले, जबकि 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके पास से 2 लाख 93 हजार 100 रुपये नगद और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की।…
दोनों मामलों में गिरफ्तार कुल 29 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ऑपरेशन अंकुश के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल रायगढ़ पुलिस की इस कार्रवाई से जुआ खेलने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि ऑपरेशन अंकुश के तहत आने वाले दिनों में पुलिस की यह कार्रवाई कितनी प्रभावी साबित होती है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button