छत्तीसगढ़
बुंदेली में 10 एकड़ भूमि पर 2000 फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण।
13.91 लाख रुपए की लागत से विकसित होगा फल एवं औषधीय उद्यान, स्वयं सहायता समूह की दीदियों के लिए आजीविका के नए अवसर होंगे सृजित

एमसीबी/09 सितम्बर 2026/ जिला पंचायत मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर अंतर्गत जनपद पंचायत मनेंद्रगढ़ के ग्राम पंचायत बुंदेली में ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू की गई है। यहां 13.91 लाख रुपए की लागत से 10 एकड़ भूमि पर 1000 फलदार एवं 1000 औषधीय पौधों के रोपण का कार्य 9 सितंबर 2026 से प्रारंभ किया गया।
ग्राम बुंदेली में बिहान योजना से जुड़ी स्वयं सहायता समूह की दीदियों की आजीविका संबंधी मांग को ध्यान में रखते हुए फलदार पौधों के साथ-साथ औषधीय गुणों वाले पौधों का भी रोपण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य भविष्य में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आजीविका के नए एवं स्थायी स्रोत विकसित करना है।

फलदार पौधों में आम, कटहल और अमरूद सहित अन्य प्रजातियां शामिल हैं। वहीं औषधीय एवं उपयोगी पौधों के रूप में बड़ी संख्या में मुनगा, करौंदा और आंवला के पौधे रोपित किए जा रहे हैं। पौधों के विकसित होने के साथ आने वाले समय में फल उत्पादन तथा औषधीय पौधों के आर्थिक उपयोग के माध्यम से ग्रामीणों के लिए आय के नए अवसर सृजित होंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं की आजीविका को मजबूती मिलने के साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में भी महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट



