वजन कम करने की कोशिश में बेहोश हुआ भारतीय खिलाड़ी:एशियन गेम्स से बाहर हुए वरुण सान्याल, पिता पीएम मोदी के आर्थिक सलाहकार।
भारतीय मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी वरुण सान्याल एशियन गेम्स से बाहर हो गए हैं। उन्हें 77 kg वेट कैटेगरी के क्वार्टर फाइनल से पहले मेडिकली अनफिट घोषित कर दिया गया।

दिल्ली / – मुकाबले के लिए वजन कम करने के दौरान सौना बाथ लेने में उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। एक नेपाली खिलाड़ी ने उन्हें देखा और मेडिकल टीम तक पहुंचाने में मदद की। वरुण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक सलाहकार संजीव सान्याल के बेटे हैं।
सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे वरुण
घटना की जानकारी मिलने के बाद MMA इंडिया के अध्यक्ष निखिल कुंदर और भारतीय अधिकारी भी वहां पहुंचे। डॉक्टरों ने वरुण की जांच की और उन्हें अनफिट घोषित कर दिया।
इस कारण वे 77 kg वेट के क्वार्टर फाइनल में नहीं उतर सके। उनका क्वार्टर फाइनल बहरीन के मुखम्मद नबीयेव से होना था। वरुण को प्रीलिमिनरी राउंड में बाई मिली थी, इसलिए वे सीधे क्वार्टर फाइनल में पहुंचे थे।
जापान तक लंबा सफर, रूम मिलने में भी 10 घंटे लगे
27 साल के वरुण लंदन से मुंबई और फिर सिंगापुर होते हुए जापान पहुंचे थे। नागोया पहुंचने के बाद एक्रेडिटेशन से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण उन्हें गेम्स विलेज में कमरा मिलने में 10 घंटे से ज्यादा समय लग गया।
कमरा मिलने के बाद भी उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस कमरे में उन्हें ठहराया गया था, उस पर दो अन्य भारतीय खिलाड़ियों ने भी अपना दावा किया था। इससे उन्हें आराम के लिए उपलब्ध समय और कम हो गया।
बिस्तर तक पहुंचते-पहुंचते पूरी तरह थक चुके थे
वरुण ने मीडिया से कहा, ‘जब मैं आखिरकार अपने कमरे में पहुंचा और बिस्तर पर गिरा, तब मेरा शरीर पूरी तरह थक चुका था।’
डॉक्टरों की मेडिकल क्लियरेंस नहीं मिलने के कारण वरुण 77 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल में नहीं उतर सके। इस तरह उनका एशियन गेम्स अभियान मुकाबला खेले बिना ही खत्म हो गया।
ब्यूरो रिपोर्ट




