अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का लालच देकर डॉक्टर से 34 लाख की ठगी, इंदौर के साइबर सिंडिकेट का पर्दाफाश!

रायगढ़ / – शेयर ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में तीन युवतियों और दो युवकों समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में इंदौर के एक कॉल सेंटर से जुड़े साइबर नेटवर्क, म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन किए जाने की बात सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी से साइबर थाना रायगढ़ में दर्ज दो मामलों का खुलासा हुआ है।
दरअसल, पूरा मामला रायगढ़ के सोनकरपारा निवासी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, मार्च 2025 में डॉक्टर का संपर्क सुनील नाम के एक व्यक्ति से हुआ था। आरोपी ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया और स्पार्टन ट्रेड कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद व्हाट्सऐप पर कंपनी का पोर्टफोलियो भेजकर निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलने का भरोसा दिलाया गया। डॉक्टर ने अलग-अलग समय पर कुल 34 लाख 17 हजार 531 रुपये निवेश कर दिए। पोर्टफोलियो में लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता रहा, लेकिन जब डॉक्टर ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो वे पैसे नहीं निकाल पाए। उल्टा, उनसे और रकम निवेश करने के लिए कहा जाने लगा।
ठगी का एहसास होने पर डॉक्टर ने 27 मई 2026 को साइबर थाना रायगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की,,
वहीं, दूसरे मामले में रायगढ़ निवासी सूरज शर्मा के बैंक खाते का कथित तौर पर साइबर ठगी की रकम के लेनदेन में इस्तेमाल किए जाने का मामला सामने आया। पुलिस जांच के अनुसार, दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच खाते में 18 बार में करीब 2 लाख 97 हजार रुपये का लेनदेन हुआ था।
इसके बाद महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब में शिकायतें सामने आने पर बैंक खाता फ्रीज कर दिया गया। जांच में पुलिस को खाते के जरिए ठगी की रकम प्राप्त करने और नकद व यूपीआई के माध्यम से कमीशन मिलने के तथ्य मिले। इसके बाद 30 सितंबर 2026 को इस मामले में भी अपराध दर्ज किया गया।
दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस को इंदौर के कुछ मोबाइल नंबरों और संदिग्धों के बीच कनेक्शन मिला। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रायगढ़ पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश के इंदौर पहुंची और पलासिया क्षेत्र स्थित एक कॉल सेंटर में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान गायत्री विश्वकर्मा और तनिषा पाटिल को पकड़ा गया। इसके बाद विजय नगर क्षेत्र से ज्योति मालवीय और परदेशीपुरा क्षेत्र से तरुण नागर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, रायगढ़ के खरसिया क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के यहां रह रहे सूरज शर्मा को भी पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी की और रायगढ़ लेकर आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ज्योति मालवीय, तनिषा पाटिल, तरुण नागर, गायत्री कुमारी विश्वकर्मा और सूरज शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी म्यूल बैंक खातों और सिम कार्ड के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेनदेन कर रहे थे। जांच में साइबर ठगी के लिए करीब 140 से 150 सिम कार्ड उपलब्ध कराने से संबंधित जानकारी भी सामने आई है।
आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं और बैंक खातों तथा लेनदेन से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों के बारे में भी जानकारी मिली है। अब दूसरे राज्यों में भी संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि शेयर ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देने वाले अनजान व्यक्तियों और कंपनियों से सावधान रहें। किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड या पहचान संबंधी दस्तावेज इस्तेमाल करने के लिए न दें। साइबर अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button