अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

मुंगेली में 17 वर्षीय नाबालिग की हत्या का खुलासा! प्रेम संबंध में विवाद के बाद हत्या का आरोप, दो गिरफ्तार।

मुंगेली | छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के ग्राम नेवासपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

 क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर 2026 की रात परिजनों को बालिका अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में मिली। उसके गले पर चोट और खरोंच के निशान पाए गए। सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और पोस्टमार्टम कराया।

जांच के दौरान पुलिस को प्रेम संबंध और दूसरे युवक से बातचीत करने की शंका को लेकर विवाद की जानकारी मिली। इसके बाद संदेह के आधार पर अजीत घृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस के अनुसार, ऐसे दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी अजीत घृतलहरे 19 अक्टूबर की रात अपने साथी साहिल खाण्डे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम नेवासपुर पहुंचा था। आरोप है कि साहिल को बाहर निगरानी के लिए छोड़कर अजीत घर में दाखिल हुआ, जहां बालिका से विवाद के बाद उसने गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटने और दम घुटने से होना बताया गया है। मामले में साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।

🔹 गिरफ्तार आरोपी
▪️ अजीत घृतलहरे, उम्र 22 वर्ष
▪️ साहिल खाण्डे, उम्र 20 वर्ष
▪️ दोनों निवासी ग्राम लिलवाकापा, जिला मुंगेली

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होंडा लियो मोटरसाइकिल (CG 28 J 7143) जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 343/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

72 घंटे के भीतर कार्रवाई का दावा

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं एसडीओपी आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

 

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button