अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर गांजा तस्करी का भंडाफोड़! 15 किलो गांजा के साथ जबलपुर का युवक गिरफ्तार।

प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर पुलिस को देखकर भागने लगा संदिग्ध, ट्रॉली बैग की तलाशी में मिला ₹7.50 लाख का गांजा

 बिलासपुर | बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रेलवे पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्लेटफॉर्म नंबर 7 और 8 पर संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मध्य प्रदेश के जबलपुर निवासी एक युवक को 15 किलोग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

 मुखबिर की सूचना पर रेलवे पुलिस ने घेराबंदी कर की कारवाही ।

रेलवे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक रायपुर एवं उप पुलिस अधीक्षक रेलवे बिलासपुर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के दौरान निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव को मुखबिर से सूचना मिली कि बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर एक युवक गांजा लेकर मौजूद है।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 7-8 पर पहुंचकर संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस की नजर एक युवक पर पड़ी, जिसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं।

पुलिस को देखकर भागने लगा युवक

पुलिस टीम ने संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। सतर्क पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम संजय मेहरा उर्फ साहिल (37 वर्ष), निवासी गढ़ा, जिला जबलपुर, मध्य प्रदेश बताया।

गुलाबी ट्रॉली बैग से निकला 15 किलो गांजा

पुलिस द्वारा युवक के पास रखे गुलाबी रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसमें से 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक विष्णु प्रसाद यादव, सहायक उपनिरीक्षक विश्वनाथ चक्रवर्ती सहित रेलवे पुलिस के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच तेज

रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ की गई इस कार्रवाई ने एक बार फिर रेल मार्ग के जरिए नशीले पदार्थों की आवाजाही पर निगरानी की अहमियत को सामने ला दिया है। पुलिस की ओर से ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button