जनकपुर वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन भूमि अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप

जनकपुर में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन भूमि अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, मचा हड़कंप
जनकपुर / – एमसीबी जिले के जनकपुर क्षेत्र में शुक्रवार को वन विभाग की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। नगर पंचायत जनकपुर अंतर्गत वनमंडल मनेंद्रगढ़ के उपवनमंडल जनकपुर के कुंवारपुर वन परिक्षेत्र में लंबे समय से वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए विभाग ने सख्त कदम उठाया।बताया जा रहा है कि मनेंद्रगढ़ तिराहा (चौराहा) के पास स्थित वन भूमि पर कुछ लोगों द्वारा वर्षों से कब्जा कर निर्माण किया गया था। इनमें लगभग 15 वर्षों से संचालित जीएसटी होटल, दो कच्चे मकान और एक निर्माणाधीन भवन शामिल थे। वन विभाग ने पहले ही भारतीय वन अधिनियम के तहत नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए थे और संबंधित लोगों को समझाइश भी दी गई थी।
इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर एक निर्माणाधीन मकान सहित जीएसटी होटल और दो अन्य कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी पीड़ा जाहिर की। उनका कहना है कि वे पिछले 15–20 वर्षों से यहां रह रहे थे और उन्हें न तो कोई स्पष्ट पूर्व सूचना दी गई और न ही रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई। अचानक हुई कार्रवाई से कई परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने रहने व खाने की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। भीषण गर्मी में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं।
वहीं वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई नियमानुसार की गई है। विभाग के अनुसार, वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराना उनकी जिम्मेदारी है और इसके लिए पूर्व में नोटिस भी जारी किए गए थे। अधिकारियों ने यह भी बताया कि उक्त क्षेत्र अंधा मोड़ के पास स्थित है, जहां पहले कई सड़क हादसे हो चुके हैं, ऐसे में सुरक्षा की दृष्टि से भी अतिक्रमण हटाना जरूरी था।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




