अपराध - दुर्घटनाछत्तीसगढ़

अवैध संबंध के शक में ठेकेदार की पीट-पीटकर हत्या, 12 घंटे में 6 आरोपी गिरफ्तार ।

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक को लेकर एक व्यक्ति की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए केसीजी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि इस वारदात में शामिल दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार खैरागढ़ थाना क्षेत्र के किल्लापारा वार्ड नंबर 11 निवासी तुलाराम पटेल (45 वर्ष) पेशे से बिल्डिंग ठेकेदार था। बताया जा रहा है कि ग्राम गाडाडीह की रहने वाली परदेशनीन बाई (40 वर्ष) उसके साथ मजदूरी का काम करती थी। काम खत्म होने के बाद कई बार तुलाराम पटेल उसे अपनी मोटरसाइकिल से उसके गांव छोड़ने जाता था।

बताया गया कि 8 मार्च 2026 की शाम को भी तुलाराम पटेल परदेशनीन बाई को छोड़ने के लिए ग्राम गाडाडीह गया था। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों को दोनों के बीच अवैध संबंध होने का शक हुआ। इसी शक के आधार पर कुछ लोगों ने तुलाराम पटेल को रास्ते में रोक लिया और उससे पूछताछ करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने तुलाराम से कहा कि वह गांव क्यों आता है और उसके आने से गांव का माहौल बिगड़ रहा है। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने एकराय होकर तुलाराम पटेल पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों और मुक्कों से जमकर मारपीट की। इस दौरान तुलाराम के चेहरे और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। मारपीट के बाद उसे गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खैरागढ़ ले जाया गया। लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची।

मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की और तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है उनमें कीर्तन यादव उर्फ मुन्ना (35 वर्ष), समय यादव (45 वर्ष), आशीष यादव उर्फ बोदू (42 वर्ष), रूपलाल वर्मा (26 वर्ष), पल्टन वर्मा (60 वर्ष) और पवन वर्मा (35 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम गाडाडीह, थाना खैरागढ़ के निवासी बताए जा रहे हैं। इसके अलावा इस घटना में शामिल दो नाबालिगों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(2), 190, 191(1) और 191(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button