पंजाब मेरे लिए मुद्दा नहीं, मेरी आत्मा है’, आप नेताओं के आरोपों पर राघव चड्ढा का पलटवार

नई दिल्ली: राज्यसभा से पार्टी के उपनेता के पद से हटाए जाने के आम आदमी पार्टी के नेताओं और राघव चड्ढा के बीच सियासी घमासान जारी है। पार्टी नेताओं ने उन पर पंजाब के मुद्दे न उठाने का आरोप लगाया, जिस पर अब उन्होंने पलटवार किया है। राघव चड्ढा ने कहा कि पंजाब उनके लिए केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि उनका घर, कर्तव्य और आत्मा है।
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो करते हुए लिखा, AAP में मेरे उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहते हुए वीडियो जारी करने के लिए मजबूर किया गया कि ‘राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में विफल रहे’, यह सिर्फ एक छोटा ट्रेलर है। पिक्चर अभी बाकी है।’
‘पंजाब मेरा घर, मेरी आत्मा’
उन्होंने आगे कहा कि ‘मेरे लिए पंजाब सिर्फ चर्चा का विषय नहीं है। यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है।’
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर जो वीडियो शेयर किया उसमें वह किसानों के लिए एमएसपी, किसानों के कर्ज और फसल लागत बढ़ने का मुद्दा, पराली प्रबंधन के लिए केंद्र से आर्थिक सहायता का मुद्दा उठाया।
पार्टी नेताओं ने क्या आरोप लगाए?
- आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी राघव चड्ढा पर प्रहार किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर शेयर वीडियो में कहा, “हम लोग अरविंद केजरीवाल के सच्चे सिपाही हैं। हमने केजरीवाल से सिर्फ एक ही बात सीखी है, ‘निडरता, हिम्मत और साहस’ के साथ लड़ना और संघर्ष करना। लेकिन बड़े अफसोस के साथ कहना पड़ रहा है कि आप सीईसी के खिलाफ प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं करते हैं। पंजाब के मुद्दों पर आप खामोश रहते हैं। सरकार के खिलाफ आप अपनी आवाज नहीं उठाते हैं।”
- संजय सिंह ने अपने बयान में कहा, “देश, जनहित, पार्टी और पार्टी के कार्यकर्ताओं से जुड़े तमाम मुद्दों पर आप (राघव चड्ढा) नहीं बोलते हैं। पंजाब के तमाम अधिकारों को छीनने का काम केंद्र सरकार करती है, तब आप नहीं बोलते हैं। बहुत सारे विषयों पर सदन से वॉकआउट करने का मामला आता है, तब आप वॉकआउट नहीं करते हैं। ऐसे तमाम विषयों पर देश आपसे जवाब चाहता है।”
- दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक वीडियो शेयर किया। इसमें उन्होंने राघव चड्ढा का नाम लेते हुए कहा, “आप सरकार से सवाल पूछने में क्यों डरते हैं। आज हमारे लोकतंत्र और संविधान पर खतरा है। हमारी आंखों के सामने चुनाव आयोग का दुरुपयोग करके पश्चिम बंगाल का चुनाव चुराया जा रहा है। लेकिन आप उस पर सवाल नहीं उठाते हैं। आप उस पर बोलने से डर रहे हैं।”
- आतिशी ने आगे कहा, “आज देश के सामने सबसे बड़ा संकट एलपीजी गैस सिलेंडर का है। आप राज्यसभा सांसद हैं, इसलिए हो सकता है कि आपको परेशानी नहीं हो रही होगी, लेकिन एक आम परिवार को अपने बच्चों के लिए खाना बनाने में भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। जब आम आदमी पार्टी ने सिलेंडर को लेकर सवाल उठाए और आपको इस मुद्दे पर बोलने के लिए कहा गया तो आप चुप रहे। क्या आप सरकार से डर गए हैं?”
ब्युरो रिपोर्ट




