राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

पाकिस्‍तानी रक्षामंत्री की गीदड़भभकी, PoK पर भी बोले भारत ने पानी पर नहीं बदला रुख तो हम करेंगे युद्ध’,

इस्‍लामाबाद: पाकिस्‍तान के रक्षामंत्री ख्‍वाजा आसिफ भारत के चिनाब प्रोजेक्‍ट और सिंधु जलसंधि को सस्‍पेंड करने पर बौखला गए हैं। पाकिस्‍तानी रक्षा मंत्री ने एक इंटरव्‍यू में पहले कहा कि हमें युद्ध शुरू करने की जरूरत नहीं है लेकिन अगर हमें लगा कि भारत पानी को रोक रहा है और कुछ प्रोजेक्‍ट बना रहा है तो हम निश्चित रूप से जंग करेंगे। उन्‍होंने कहा कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्‍तान को पानी बंद करने की धमकी दी है। ख्‍वाजा आसिफ ने कहा कि जब हमें लगेगा कि पाकिस्‍तान की पानी सुरक्षा खतरे में है तो हम निश्चित रूप से जंग के लिए जाएंगे।

ख्‍वाजा आसिफ ने पाकिस्‍तानी टीवी चैनल एआरवाई को द‍िए इंटरव्‍यू में कहा कि पानी जिंदगी है और इंसान पानी से पैदा हुआ है। पूरा ब्रह्मांड पानी से पैदा हुआ है। पानी ही जीवन है। उन्‍होंने कहा कि अभी तक भारत ने किशनगंगा समेत जो भी प्रोजेक्‍ट बनाए हैं, उसकी पाकिस्‍तान ने खुद वहां जाकर निगरानी की है लेकिन अब पिछले एक साल में वहां क्‍या हो रहा है, इसकी जानकारी नहीं है। यह सिंधु जलसंधि के तहत हुआ था। वहीं पाकिस्‍तानी रक्षा मंत्री ने एक अन्‍य इंटरव्‍यू में पाकिस्‍तान अध‍िकृत कश्‍मीर में चल रहे प्रदर्शन के पीछे भी इंडिया कनेक्‍शन बता दिया।

पीओके में प्रदर्शन के ल‍िए भारत पर बरसे

ख्‍वाजा आसिफ ने आरोप लगाया कि पाकिस्‍तान अधिकृत कश्‍मीर में जो प्रदर्शन हो रहे हैं, वे भारत के रुख मजबूत कर रहे हैं। उन्‍होंने यह भी आरोप लगाया कि पीओके के प्रदर्शनकारी, मीडिया और विदेश में बैठे समर्थक भारतीय प्रॉक्‍सी नेटवर्क का हिस्‍सा हैं। इस बीच पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री इशाक डार ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को पत्र लिखकर भारत की ओर से सिंधु जल संधि (आईडब्ल्यूटी) के कथित उल्लंघन का संज्ञान लेने का आग्रह किया है।

विश्व बैंक की मध्यस्थता में 1960 में हुई यह संधि अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद निलंबित कर दी गई थी, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। यह संधि 1960 से ही भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु और उसकी सहायक नदियों के पानी के बंटवारे एवं इस्तेमाल को नियंत्रित करती आ रही है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि आसिम इफ्तिकार अहमद ने बताया कि उन्होंने इस्लामाबाद की चिंताओं को रेखांकित करने के लिए यूएनएससी की अध्यक्ष लियोनोर जलाबाटा टोरेस को डार का लिखा पत्र सौंपा।

पाकिस्‍तान ने उठाया च‍िनाब का मुद्दा

अहमद ने गुरुवार को ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह पत्र यूएनएससी का ध्यान चिनाब नदी से जुड़ी भारत की दो बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की ओर खींचता है। उन्होंने लिखा, “मैंने यूएनएससी की अध्यक्ष को दक्षिण एशिया के समग्र हालात के बारे में भी जानकारी दी…।” डार ने यूएनएससी की अध्यक्ष को अप्रैल में भी ऐसा ही एक पत्र लिखा था।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button