राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

ईरान युद्धविराम के बीच मिडिल ईस्ट को अरबों डॉलर के हथियार बेचेगा अमेरिका, ट्रंप प्रशासन ने दी मंजूरी।

वॉशिंगटन: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने इजरायल, बहरीन, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात को 25.8 बिलियन डॉलर के रक्षा हथियारों की बिक्री को मंजूरी दे दी है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में पहले कहा गया था कि ट्रंप प्रशासन पहले ही 8.6 बिलियन डॉलर के हथियारों की त्वरित बिक्री को मंजूरी दे चुका है जिसमें बहरीन का जिक्र नहीं था। लेकिन अब बहरीन का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक अगले हफ्ते कांग्रेस की बैठक होने वाली है और उस दौरान इस बढ़ी हुई कुल राशि की घोषणा ‘कांग्रेसनल रिकॉर्ड’ में की जाएगी।

अमेरिका मिडिल ईस्ट के उन देशों को एयर डिफेंस सिस्टम बेचने जा रहा है जिनपर युद्ध के दौरान ईरान ने हमले किए थे। हालांकि ब्लूमबर्ग ने इस बात पर सवाल उठाए हैं कि इन देशों को ये हथियार मिलने में कितना समय लगेगा क्योंकि संभावित बिक्री का पैमाना बहुत बड़ा है और अमेरिकी सेना की उत्पादन गति धीमी होने की बात जगजाहिर है।

अमेरिका मिडिल ईस्ट को बेचेगा 25.8 अरब डॉलर के हथियार

पेंटागन की पूर्व अधिकारी और अब ‘अमेरिकन एंटरप्राइज़ इंस्टीट्यूट’ से जुड़ी एलेन मैकस्ककर ने ब्लूमबर्ग को बताया है “अगर आप सचमुच दो या तीन साल से कम समय में (जो कि एक आशावादी अनुमान है) हथियारों की डिलीवरी चाहते हैं तो इसका एकमात्र तरीका यही है कि वे हथियार हमारे पास पहले से ही स्टॉक में मौजूद हों। मौजूदा संघर्ष के लिए तो आपको निश्चित रूप से कोई हथियार नहीं मिल पाएगा।” ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया है कि खाड़ी देशों का लक्ष्य एयर डिफेंस इंटरसेप्टर के दो वेरिएंट खरीदना है पैट्रियट गाइडेंस एनहांस्ड मिसाइल-T और पैट्रियट एडवांस्ड कैपेबिलिटी-3 मिसाइल सेगमेंट एनहांसमेंट।

यह घोषणा अमेरिका इजरायल और ईरान के बीच एक महीने तक चले युद्ध के बाद हुए संघर्ष विराम के दौरान की गई है। अकेले UAE ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने 2,200 से ज्यादा ईरानी ड्रोन और सैकड़ों बैलिस्टिक मिसाइलों को निशाना बनाया है।

मिडिल ईस्ट किस देश को कितने हथियार मिलेंगे?

  • रिपोर्ट के मुताबिक UAE को 600 PAC-3 MSE इंटरसेप्टर मिलेंगे
  • कुवैत को 500, कतर को 300 और बहरीन को 50 इंटरसेप्टर मिलेंगे
  • जबकि लॉकहीड मार्टिन का लक्ष्य 2026 में सिर्फ 650 PAC-3 MSE इंटरसेप्टर बनाना ही है
  • इस संख्या में पहले से ही ज्यादातर के ऑर्डर मिल चुके हैं
  • GEM-Ts की कुल बिक्री बहरीन में 150, कुवैत में 500, कतर में 200 और UAE में 150 हो सकती है।

यह RTX Corp. के 300 इंटरसेप्टर के सालाना उत्पादन लक्ष्य से तीन गुना से भी ज्यादा है। ये सभीं आंकड़े ज्यादा से ज्यादा संभावित कॉन्ट्रैक्ट को दिखाते हैं। पहले मिडिल ईस्ट के देशों ने आरोप लगाया था कि ट्रंप प्रशासन अमेरिकी कंपनियों को मिडिल ईस्ट के देशों को हथियार बेचने से रोक रहा है। क्योंकि उसका लक्ष्य पहले इजरायल के लिए एयर डिफेंस इंटरसेप्टर्स उपलब्ध करवाना है। लेकिन अब ट्रंप प्रशासन ने हथियारों का खजाना खोल दिया है लेकिन सवाल ये है कि अमेरिकी डिफेंस कंपनियां कितने वर्षों में हथियारों की डिलीवरी कर पाएगा।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button