छत्तीसगढ़

नगर पंचायत खोँगापानी में भुगतान एवं खरीदी की महालेखाकार से की विशेष ऑडिट की मांग।

यदि किसी पूर्व या वर्तमान कार्यकाल में वित्तीय अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। ललिताराम यादव अध्यक्ष नगरपंचायत खोंगापानी

एमसीबी / खोंगापानी – नगर पंचायत खोँगापानी की अध्यक्ष श्रीमती ललिता रामा यादव ने कहा है कि भाजपा नेताओं द्वारा नगर पंचायत के संबंध में लगातार भ्रम और दुष्प्रचार फैलाया जा रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ के प्रधान महालेखाकार को पत्र लिखकर भाजपा के पूर्व नगर कार्यकाल तथा उनके स्वयं के अब तक के कार्यकाल में हुए भुगतान एवं खरीदी से संबंधित अभिलेखों और फाइलों की विशेष ऑडिट कराने की मांग की है।
अध्यक्ष श्रीमती यादव ने कहा कि यदि किसी भी कार्यकाल में शासकीय राशि के उपयोग को लेकर कोई संदेह या सवाल है, तो उसका समाधान राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि निष्पक्ष ऑडिट और दस्तावेजों की जांच से होना चाहिए। इसलिए उन्होंने संबंधित भुगतान, खरीदी और वित्तीय अभिलेखों की जांच के लिए सक्षम ऑडिट संस्था से विशेष परीक्षण कराने की पहल की है।
उन्होंने भाजपा नेताओं के आंदोलन और हड़ताल को लेकर कहा कि जनता के बीच भ्रम पैदा करने के बजाय उन्हें यह बताना चाहिए कि नगर पंचायत में पूर्व में शासकीय संसाधनों और राशि का उपयोग किस प्रकार हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि हड़ताल और आंदोलन को जनता के मुद्दे के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि इसके पीछे राजनीतिक स्वार्थ भी हो सकते हैं।
अध्यक्ष ने कहा कि उनके कार्यकाल में नगर पंचायत के संसाधनों और शासकीय धन के उपयोग में अनावश्यक खर्च पर रोक लगाने का प्रयास किया गया है। उनके अनुसार, अनावश्यक पेट्रोल-डीजल खर्च, नेताओं के स्वागत-सत्कार तथा बैनर-पोस्टर जैसे खर्चों पर नियंत्रण रखा जा रहा है, ताकि नगर पंचायत का पैसा जनता के विकास और आवश्यक नागरिक सुविधाओं पर खर्च हो।


उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का उपयोग जनता के हित में होना चाहिए, किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की सुविधा के लिए नहीं। यदि किसी पूर्व या वर्तमान कार्यकाल में वित्तीय अनियमितता हुई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि विशेष ऑडिट की मांग इसी उद्देश्य से की गई है, ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके तथा जनता के सामने वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो।

  विशेष रिपोर्ट मा.गोपालदास 

Related Articles

Back to top button