छत्तीसगढ़

अर्नब साइक्लोन का असर, छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, मौसम विभाग ने जारी किया रेड और ऑरेंज अलर्ट, जानिए कहां अति भारी बारिश होने की आशंका

प्रदेश के कई जिलों के लिए रेड-ऑरेंज अलर्ट, 200 मिलीमीटर तक बारिश, 60-80 किलोमीटर/घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवाएं,

रायपुर: छत्तीसगढ़ में साइक्लोन का बड़ा असर दिखने वाला है. मौसम विभाग ने कई इलाकों में अति भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है. इसके लिए मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. साथ ही लोगों को सचेत रहने की सलाह दी गई है.

रायपुर में मंगलवार को बादल छाए

भले ही अर्नब साइक्लोन सीवियर साइक्लोन के रूप में बुधवार की सुबह तब्दील होगा, लेकिन उसके पहले ही राजधानी रायपुर में सोमवार से ठंडी हवाएं चल रही है. मौसम का मिजाज भी बदल चुका है. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार के शाम से ही दक्षिण छत्तीसगढ़ में साइक्लोन अर्नब का असर आज शाम से ही देखने को मिल सकता है.

आज की स्थिति में साइक्लोन अर्नब वेरी सीवियर साइक्लोन के रूप में विशाखापट्टनम कोस्ट से लगभग 300 किलोमीटर साउथ ईस्ट डायरेक्शन में स्थित है. आगामी 24 घंटे में उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ते हुए आंध्र के बापटला और विशाखापट्टनम कोस्ट के बीच बुधवार की सुबह तक लैंडफॉल होने की संभावना है.- डॉक्टर गायत्रीवाणी कांचीभोटला, मौसम वैज्ञानिक

28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की आशंका

साइक्लोन अर्नब लैंडफॉल होने के बाद पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर कमजोर होते हुए छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने की संभावना है. साइक्लोन अरनब की वजह से 28 और 29 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है. मंगलवार की शाम से ही दक्षिण छत्तीसगढ़ में सुकमा बस्तर जिले में तेज हवाओं के साथ एक दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा होने के आसार हैं.

बस्तर संभाग के लिए रेड अलर्ट

28 अक्टूबर को बस्तर संभाग के कुछ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. जिसमें कोंडागांव, बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और इससे लगे हुए क्षेत्र हैं. इसके अलावा रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जहां पर भारी से अति भारी बारिश एक दो स्थानों पर हो सकती है.

लोगों को सावधान रहने की सलाह

साइक्लोन अर्नब कमजोर होने के बाद छत्तीसगढ़ में एंटर करेगा. कमजोर होकर उत्तर की ओर बढ़ेगा तो 29 अक्टूबर को उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. 28 अक्टूबर के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहीं 29 अक्टूबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.

लोगों को सावधानी बरतने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है कि जहां-जहां पर मौसम विभाग ने आरेंज और रेड अलर्ट जारी किया है वहां पर घर से बाहर ना निकलें. इलेक्ट्रिक पोल से बचकर रहिए. प्रशासन के द्वारा जारी किए गए एडवाइजरी का पालन करिए.

तेज हवाएं चलने का भी अनुमान

छत्तीसगढ़ में अर्नब साइक्लोन की वजह से दक्षिण छत्तीसगढ़ के जितने भी जिले में रेड अलर्ट जारी किया गया है. वहां पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. साथ ही एक दो स्थानों पर भारी वर्षा 200 मिमी तक हो सकती है. इस दौरान मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में 100 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती हैं.

29 अक्टूबर को सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में 100 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की जा सकती है. खेती किसानी के बारे में मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि अभी जो फसल कटाई हुई है. उसे सुरक्षित जगह पर करें. तेज हवाओं से बचने के लिए उद्यानिकी फसलों को भी सुरक्षित करने की जरूरत है.

             ब्यूरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button