बिलासपुर की जर्जर सड़क के खिलाफ विद्यार्थियों का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर से लगाई गुहार।
लालखदान से दोमुहानी मार्ग पर गड्ढों से परेशान हजारों छात्र-छात्राएं, बोले– सड़क की बदहाली से हर दिन जान जोखिम में डालकर करना पड़ता है सफर।

बिलासपुर | बिलासपुर की बदहाल सड़कों का मुद्दा अब विद्यार्थियों के बीच भी आक्रोश का कारण बनता जा रहा है। लालखदान से दोमुहानी के बीच जर्जर सड़क से परेशान होलीक्रॉस स्कूल और चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के छात्र-छात्राओं ने प्रशासन के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की। बड़ी संख्या में विद्यार्थी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और नवीनीकरण की मांग की।
गड्ढों से भरी सड़क, रोजाना जोखिम भरा सफर
विद्यार्थियों का कहना है कि लालखदान से दोमुहानी मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से होने के कारण स्कूल और कॉलेज पहुंचना मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छात्र-छात्राओं का आवागमन होता है, लेकिन सड़क की बदहाली के चलते दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

परीक्षा के समय बढ़ जाती है परेशानी
चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस के विद्यार्थियों ने ज्ञापन में बताया कि खराब सड़क के कारण आवागमन में अधिक समय लगता है। कई बार कॉलेज पहुंचने में देरी होती है। परीक्षा के दौरान समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने को लेकर विद्यार्थियों को अतिरिक्त मानसिक दबाव झेलना पड़ता है।
कलेक्टर से तत्काल कार्रवाई की मांग
विद्यार्थियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए जाएं और सड़क की मरम्मत के साथ उसके नवीनीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए।
ज्ञापन में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, आयुर्वेद, लॉ, एमबीए, साइंस और कॉमर्स सहित विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने सड़क की समस्या को जनहित और विद्यार्थी सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
सवाल प्रशासन से…
जब इस मार्ग से रोजाना हजारों विद्यार्थी गुजरते हैं, तो सड़क की बदहाली दूर करने के लिए अब तक ठोस पहल क्यों नहीं हुई? क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
विद्यार्थियों ने अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचा दी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग कब कार्रवाई करता है और लालखदान-दोमुहानी मार्ग से गुजरने वाले लोगों को राहत मिलती है।
ब्यूरो रिपोर्ट



