छत्तीसगढ़

पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है ईंधन – भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों से बचे जनता

एमसीबी। जिले में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों के बीच भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने जिलेवासियों से संयम बनाये रखने और अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आम जनता को किसी प्रकार की घबराहट में आने की आवश्यकता नहीं है।
अंकित शर्मा ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है जिससे लोग अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ लगा रहे हैं। इससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लें और किसी भी प्रकार का अनावश्यक भंडारण ना करें।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभाग पूरी तरह सतर्क हैं और जिले में ईंधन आपूर्ति लगातार जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम नागरिकों को किसी प्रकार की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। ऐसे समय में सभी को जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय देना चाहिये और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों को साझा करने से बचना चाहिये। उन्होंने कहा कि अफवाहें हमेशा समाज में भ्रम और अव्यवस्था पैदा करती हैं। यदि लोग संयम और समझदारी से काम लें तो किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न नहीं होगी। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर सकारात्मक संदेश फैलाएं और लोगों को जागरूक करें।
अंकित शर्मा ने जिलेवासियों से शांति बनाये रखने, प्रशासन का सहयोग करने तथा देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि संकट या भ्रम की स्थिति में धैर्य ही सबसे बड़ी ताकत होती है और सभी के सहयोग से व्यवस्था सामान्य बनी रहेगी।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button