अपराध - दुर्घटनाराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय

ओंकारेश्वर में परिक्रमा के दौरान पलटी नाव, सभी 10 यात्री सुरक्षित, 2 की हालत गंभीर; लाइफ जैकेट ने बचाई जान

खंडवा। तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब बैकवाटर क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव पलट गई। नाव में सवार सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि दो श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें सनावद अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार 225 नंबर की लकड़ी की नाव नवीन घाट से आगे ओंकार मठ और नागर घाट के बीच हादसे का शिकार हो गई। नाव में सवार सभी श्रद्धालु झारखंड के रांची निवासी बताए जा रहे हैं, जो ओंकारेश्वर में परिक्रमा के लिए निकले थे।

पत्थर से टकराकर असंतुलित हुई नाव

बताया जा रहा है कि नाव चलते समय नीचे पत्थर से टकरा गई, जिससे वह असंतुलित हो गई। इसी दौरान नाव में पानी भरने लगा और कुछ ही देर में वह डूबने लगी। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों ने लाइफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद एसडीईआरएफ, होमगार्ड की टीम और स्थानीय नाविक तत्काल मौके पर पहुंचे और तेजी से रेस्क्यू अभियान चलाया।

त्वरित रेस्क्यू और प्रशासनिक निर्देश

सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए सनावद अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि समय रहते राहत दल के पहुंचने से सभी की जान बच गई। प्रशासन ने नाव संचालन में सुरक्षा मानकों के सख्ती से पालन के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, लेकिन त्वरित कार्रवाई से स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button