छ .ग.श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ, सरगुजा संभाग के द्वारा इस वर्ष भी सराहनीय पहल बोल बम श्रद्धालुओं के लिए ग्राम महंगई में लगाया जलपान का स्टाल।
रामानुजनगर से देवगढ़ धाम जाने वाले कांवड़ियों को कराया गया जलपान, सेवा कार्य की हुई सराहना।

अंबिकापुर/ महंगई – सावन के पावन अवसर पर देवगढ़ धाम में जलाभिषेक के लिए रामानुजनगर क्षेत्र से बड़ी संख्या में पहुंच रहे बोल बम श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ, सरगुजा संभाग द्वारा इस वर्ष भी सराहनीय पहल करते हुए ग्राम महंगई में जलपान व्यवस्था की गई। संघ की ओर से मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए केले सहित अन्य जलपान सामग्री की व्यवस्था कर उन्हें श्रद्धापूर्वक जलपान कराया गया। इस दौरान बोल बम के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने रुककर जलपान ग्रहण किया और सेवा कार्य के लिए पत्रकार संघ के पदाधिकारियों का आभार जताया।
पत्रकार संघ द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवगढ़ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा को प्राथमिकता देते हुए यह आयोजन किया गया। संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने स्वयं सड़क किनारे पहुंचकर कांवड़ियों तथा अन्य श्रद्धालुओं को जलपान कराया। सेवा भाव से किए गए इस कार्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का नेतृत्व छ.ग. श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अखिलेश जायसवाल ने किया। इस अवसर पर सरगुजा जिला अध्यक्ष राजेश प्रसाद गुप्ता तथा संघ के सदस्य प्रफुल्ल कुमार यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से जलपान उपलब्ध कराया और उनकी यात्रा के संबंध में जानकारी लेते हुए सुरक्षित एवं सुखद देवगढ़ धाम यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पत्रकार संघ द्वारा किए गए सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पत्रकारिता के साथ सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े कार्यों में भी संगठन की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए मार्ग में जलपान की व्यवस्था करना पुण्य और सेवा भाव से जुड़ा कार्य है। ऐसे आयोजन से धार्मिक यात्रा पर निकलने वाले लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ समाज में आपसी सहयोग एवं भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि छ.ग.श्रमजीवी पत्रकार कल्याण संघ केवल पत्रकारों के हितों और अधिकारों के लिए ही कार्य नहीं करता, बल्कि समय-समय पर सामाजिक एवं जनसेवा से जुड़े कार्यों में भी अपनी सहभागिता निभाता रहेगा। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों, श्रद्धालुओं की सुविधा तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए संगठन द्वारा भविष्य में भी यथासंभव सेवा कार्य किए जाएंगे।
जलपान शिविर के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। देवगढ़ धाम की ओर बढ़ रहे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने संघ द्वारा की गई व्यवस्था की प्रशंसा की। सेवा कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम में मनीष गुप्ता, प्रमोद जायसवाल, भीम श्रीवास्तव, सूरज जायसवाल, ओम नारायण, मनोज यादव, नर्मदा यादव, पीयूष सोनी सहित अन्य नागरिक एवं संघ से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर श्रद्धालुओं की सेवा में अपना योगदान दिया।
पत्रकार संघ के इस सेवा कार्य से क्षेत्र में सामाजिक सरोकारों के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता भी सामने आई। श्रद्धालुओं के बीच जलपान वितरण के साथ-साथ मार्ग में आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा उपलब्ध कराई गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज और आमजन से जुड़े कार्यों में पत्रकारों की सहभागिता लोकतांत्रिक दायित्वों के साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी हिस्सा है। इसी भावना के साथ भविष्य में भी ऐसे सेवा एवं जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट




