छत्तीसगढ़

महिला आरक्षण बिल को लेकर भ्रम फैला रही केंद्र में बैठी मोदी सरकार

मनेन्द्रगढ़। महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला आरक्षण को लागू करने में जानबूझकर देरी की जा रही है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण को परिसीमन से जोड़कर उसे टालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब नई जनगणना प्रस्तावित है तो पुराने आंकड़ों के आधार पर परिसीमन की बात क्यों की जा रही है। उनका कहना था कि महिला आरक्षण को बिना किसी शर्त के तत्काल लागू किया जाना चाहिये।

पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल ने कांग्रेस के इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी दिलाने में कांग्रेस की भूमिका हमेशा अग्रणी रही है वहीं उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह इस मुद्दे का केवल राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है।

जिला महामंत्री पूनम सिंह ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लागू करने में देरी महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सीटों में ही 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करना संभव है यदि सरकार इच्छाशक्ति दिखाये। महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रूमा चटर्जी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है। उन्होंने इसे महिलाओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ बताया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) सौरव मिश्रा ने कहा कि सरकार इस मुद्दे को जटिल बनाकर आम जनता को भ्रमित कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस इस विषय को सड़कों से लेकर संसद तक उठायेगी। ग्रामीण अध्यक्ष रामनरेश पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं आज भी अपने अधिकारों के लिये संघर्ष कर रही हैं ऐसे में आरक्षण में देरी बेहद निराशाजनक है। जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी तिवारी ने सरकार की नीतियों को विरोधाभासी बताते हुए कहा कि एक ओर महिला सशक्तिकरण की बात होती है वहीं दूसरी ओर आरक्षण लागू करने में देरी की जा रही है। जिला महामंत्री रफीक मेमन ने स्पष्ट कहा कि यदि सरकार जल्द निर्णय नहीं लेती है तो कांग्रेस इस मुद्दे पर जनआंदोलन तेज करेगी।

प्रेस वार्ता में बलबीर सिंह, चुन्नू त्रिपाठी और सुरेंद्र पाल मखीजा सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने की मांग दोहराई और चेतावनी दी कि देरी होने पर आंदोलन किया जायेगा।

ब्युरो रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button